
भराड़ीसैण (गैरसैंण)। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के उपरान्त उत्पन्त परिस्थितियों के दृष्टिगत एल0पी0जी0 एवं ईंधन की आपूर्ति की समीक्षा के सम्बन्ध में दिनांक 13 मार्च को अपरान्ह 04.00 बजे भराड़ीसैण स्थित विधानसभा भवन से प्रमुख सचिव, खाद्य, उत्तराखण्ड द्वारा सभी जनपदों के जिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारियों तथां तीनों आयल कम्पनियों आई.ओ.सी.एल./ बी.पी.सी.एल./ एच.पी.सी.एल. के राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की गयी।
बैठक में आई.ओ.सी.एल./ बी.पी.सी.एल./ एच.पी.सी.एल. के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि राज्य में घरेलू गैस की स्टाॅक पर्याप्त मात्रा में है। आयल कम्पनियों के अधिकारी सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारियों के साथ सम्पर्क में है। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान स्थिति व सोशल मीडिया में प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के कारण लोगों के द्वारा पैनिक बुकिंग की जा रही है। केवल आई.ओ.सी.एल. कम्पनी में विगत तीन-चार दिनों में लगभग एक लाख की बुकिंग की गयी है। वास्तव में कम्पनियों के पास पर्याप्त घरेलू गैस का स्टाॅक उपलब्ध है।
सभी जिलाधिकारियों द्वारा बताया गया कि उनके जनपद में पर्याप्त स्टाॅक है। सभी जनपदों में प्रवर्तन की कार्यवाही की जा रही है। राज्य में विगत चार दिनों में जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने हेतु 460 निरीक्षण किये गये तथा 78 स्थानों पर छापेमारी की कारवाई की गयी है। आवश्यक वस्तु अधिनियम के अन्तर्गत 04 एफ.आई.आर. तथा एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गयी है। साथ ही 74 गैस सिलेण्डर, 01 कांटा, 02 रिफिलिंग किट जब्त किये गये है। प्रवर्तन की कार्यवाही निरन्तर की जा रही है।
प्रमुख सचिव, खाद्य द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को गैस स्थिति की निरन्तर समीक्षा करने तथा जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
बैठक में सचिव, खाद्य, आनन्द स्वरूप, अपर आयुक्त खाद्य, पी0एस0 पांगती तथा वीडियों कान्फ्रेंस के माध्यम से अपर सचिव एवं नियंत्रक, विधिक माप, श्रीमती रूचि मोहन रयाल, समस्त जिलाधिकारी उत्तराखण्ड, समस्त जिलापूर्ति अधिकारियों तथा आई.ओ.सी.एल./ बी.पी.सी.एल./ एच.पी.सी.एल. के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
