ऋषिकेश। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के साथ बैठक कर शहर की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से त्रिवेणी घाट, आस्था पथ एवं डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा। साथ ही गोविंद नगर डंपिंग जोन से कूड़ा हटाने तथा लालपानी में बन रहे कूड़ा निस्तारण संयंत्र की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
डॉ. अग्रवाल ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे पार्किंग निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त रायवाला में निराश्रित गौवंश के लिए आवंटित भूमि पर निर्माणाधीन गौशाला की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि ऋषिकेश शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं विकसित बनाया जा सके।
