ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश वन रेंज कार्यालय के प्रांगण में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी शहीद बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वन क्षेत्राधिकारी जी. एस. धमान्दा एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बटुकेश्वर दत्त जैसे महान क्रांतिकारियों का बलिदान देश की आजादी की नींव है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें न केवल उनके त्याग और समर्पण को स्मरण करने का अवसर देता है, बल्कि देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने की प्रेरणा भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण भी राष्ट्र सेवा का एक महत्वपूर्ण भाग है। वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। डॉ. अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी जी. एस. धमान्दा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वन विभाग निरंतर हरित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए कार्यरत है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है और जनसहभागिता को प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम में उपस्थित वनकर्मियों ने भी शहीद बटुकेश्वर दत्त को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
