- मुख्यमंत्री ने फूड ट्रक एवं बोलेरो वाहनों को दिखाई हरी झंडी

खटीमा। ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना द्वारा किए जा रहे सतत प्रयास एक बार फिर सार्थक साबित हुए। परियोजना के सहयोग से जनपद ऊधम सिंह नगर की महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका संवर्धन हेतु उपलब्ध कराए गए वाहनों को आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान गदरपुर विकासखंड की एकता सीएलएफ को एक फूड ट्रक, गदरपुर विकासखंड की शाहकार सीएलएफ के नारीशक्ति ग्राम संगठन को एक बोलेरो वाहन तथा बाजपुर विकासखंड की सत्यमेव जयते सीएलएफ को एक बोलेरो वाहन प्रदान किया गया।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना ग्रामीण महिलाओं को स्थायी आजीविका सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। परियोजना के माध्यम से महिलाओं को न केवल रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं, बल्कि उनकी नियमित एवं सुनिश्चित आय भी बढ़ रही है।
ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना की इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है। परियोजना ने स्वयं सहायता समूहों को आधुनिक संसाधनों, विपणन सुविधाओं एवं उद्यम विकास से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान की है। फूड ट्रक एवं बोलेरो वाहन उपलब्ध होने से महिला समूहों को अपने उत्पादों के परिवहन, विपणन एवं व्यवसाय विस्तार में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।
