- जनभागीदारी और सफाई मित्रों के सम्मान पर रहेगा विशेष जोर, 1 अक्टूबर को होगा महा श्रमदान
देहरादून। स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने और स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से प्रदेश में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वच्छता, जनभागीदारी और सफाई मित्रों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
निदेशक शहरी विकास ने आमजन से 17 सितंबर को अपने घरों से स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और शाम को घर में एक दीप जलाएं। यह दीप स्वच्छ घर, स्वस्थ परिवार और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक होगा।
विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष स्वच्छता अभियान
बैठक में निर्देश दिए गए कि 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनसहभागिता से पार्कों, महापुरुषों की प्रतिमाओं, विरासत स्थलों, स्मारकों एवं प्राकृतिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। वहीं 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत राष्ट्रव्यापी महा श्रमदान में जनप्रतिनिधियों, प्रमुख व्यक्तियों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान पर विशेष जोर
अभियान के दौरान सफाई कर्मियों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर निदेशक प्रवीण कुमार, सहायक निदेशक राजीव पांडे, अधिशासी अभियंता रचना पायल सहित नगर निगमों के नगर आयुक्त तथा नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।



