
ऋषिकेश। “अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय खेल दिवस” के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के विभिन्न खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने सभी प्रशिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर, गुलदस्ता भेंट कर एंव मिष्ठान खिलाकर उनका अभिनंदन किया।

सम्मानित होने वालों में यशपाल ओली (टेनिस एवं चेस कोच), अमित शर्मा (क्रिकेट कोच), अक्षय पंत (वॉलीबॉल कोच), दीपा भारद्वाज (एथलेटिक्स कोच) एवं अभिषेक यादव (एथलेटिक्स कोच) शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करने का महत्वपूर्ण साधन है। विश्वविद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान करने में प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि खेल प्रशिक्षक युवाओं की प्रतिभा को निखारकर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार करते हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आज युवा विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों को उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को खेलों के प्रति अधिक से अधिक प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, भाजयुमो जिला मंत्री कौशल बिजलवान, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, मनोनीत पार्षद जितेंद्र पाल पाठी, भाजपा नेता एवं समाजसेवी राजवीर रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



