
रायवाला। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्ष के सेवाकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘सेवा संकल्प एवं सुशासन अभियान’ के अंतर्गत रायवाला में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा डॉ. अग्रवाल का पारंपरिक तिलक लगाकर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र छोटे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा एवं संस्कार देने के साथ-साथ उनके शारीरिक विकास और पोषण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की धामी सरकार बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण किया तथा आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संस्कारवान बचपन ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।
कार्यक्रम में रायवाला मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष बिना बंगवाल, ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, अजय साहू, विपिन कुकरेती, गीता थापा, भागीरथी भट्ट, अल्पना कंडवाल, पुष्पा नौटियाल, दुर्गा छेत्री, माला देवी, सतपाल सैनी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
