ऋषिकेश। डोईवाला दशहरा कमेटी के सदस्यों ने कमेटी के अध्यक्ष रामेश्वर लोधी के नेतृत्व में ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने उन्हें आगामी दशहरा मेले में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।
इस अवसर पर कमेटी के सदस्यों ने दशहरा मेले के आयोजन के संबंध में चर्चा करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने डॉ. अग्रवाल को मेले में सम्मिलित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कमेटी के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई तथा असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज में सत्य, धर्म, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि दशहरा जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
इस अवसर पर राजेश सिंगारी, संदीप, दामन बाली, राजेंद्र वर्मा, इलम चंद, प्रेम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
