
ऋषिकेश/श्यामपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश विधानसभा के श्यामपुर मंडल स्थित राणा फार्म हाउस में बूथ संख्या 132 पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड को सामूहिक रूप से सुना।
इस बार ‘मन की बात’ का मुख्य विषय ‘मन की बात युवाओं के साथ’ रहा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘मन की बात’ के 12 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए कहा कि विजयादशमी के दिन 12 वर्ष पूर्व इस कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। उन्होंने इसे देश के प्रत्येक परिवार को करीब से समझने की एक ‘तीर्थ यात्रा’ के समान बताया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों, उपलब्धियों और समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य करने वाले लोगों को देश के सामने लाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने आगामी दीपावली सहित अन्य त्योहारों के मद्देनजर देशवासियों से स्थानीय उत्पादों को खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया है। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से छोटे व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। हम सभी को स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना चाहिए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने बिहार के प्रसिद्ध मखाने सहित क्षेत्रीय उत्पादों की वैश्विक पहचान, खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों, एशियाई खेलों के पदक विजेताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार कर रहे लोगों के प्रयासों का उल्लेख किया। यह देश की प्रतिभा, परिश्रम और सामर्थ्य को प्रदर्शित करता है। साथ ही महर्षि वाल्मीकि जी का स्मरण भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के महत्व को भी रेखांकित करता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सकारात्मक सोच विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री जी के विचारों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, भाजयुमो जिला अध्यक्ष शिवम टुटेजा, भाजयुमो जिला मंत्री कौशल बिजल्वाण (कार्यक्रम संचालक), प्रदेश सह-संयोजक अमन कुकरेती, भाजयुमो ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा, भाजयुमो श्यामपुर मंडल अध्यक्ष प्रज्ञा रावत, भाजयुमो रायवाला मंडल अध्यक्ष शिवम मनराल, युवक मंगल दल अध्यक्ष रजत बडोनी, कुलदीप नेगी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
