परिवहन विभाग द्वारा लग्जरी बसों के विरुद्ध तीसरे दिन भी चला विशेष चेकिंग अभियान

  • 35 चालान और 02 बसें सीज

हरिद्वार। सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग द्वारा लग्जरी बसों के विरुद्ध चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न उल्लंघनों में 35 चालान किए गए तथा 02 बसों को सीज किया गया। पड़ोसी राज्यों में हाल में हुई बस दुर्घटनाओं के दृष्टिगत अभियान में यात्री सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसों की सघन जाँच के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका संचालन निर्धारित मानकों एवं परमिट की शर्तों के अनुरूप हो। चेकिंग के दौरान बसों के पंजीयन, फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ-साथ निर्धारित क्षमता के अनुरूप संचालन तथा अनाधिकृत परिवर्तन जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। यात्री सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों के अनुपालन की जाँच पर भी जोर दिया जा रहा है।

बस संचालकों एवं चालकों को निर्देशित किया गया कि वे वाहनों के आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें तथा सुरक्षा मानकों और परमिट की शर्तों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली कमियों अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा यह विशेष अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। अभियान का उद्देश्य बसों का सुरक्षित एवं नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करना तथा दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

More From Author

डीएम दीक्षित ने किया रात्रि में चल रहे निर्माण, पेंटिंग एवं घाटों का सौंदर्यीकरण कार्यों स्थलीय निरीक्षण

प्रेमनगर आश्रम के अनुयायियों एवं साधु-संतों ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.