ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी की 6 नवंबर को देहरादून में आयोजित होने वाली प्रस्तावित रैली के सफल आयोजन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक में डॉ. अग्रवाल ने रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए ऋषिकेश विधानसभा के चारों मंडलों से लगभग 1500 से 2000 कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का उत्तराखंड आगमन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और गौरव का विषय है। यह रैली संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के उत्साह और पार्टी के प्रति जनसमर्थन को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ रैली की तैयारियों में जुट जाएं। प्रत्येक मंडल में कार्यकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे रैली को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाया जा सके।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष राजपाल ठाकुर, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवम टुटेजा, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा ध्यानी, जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, जिला महामंत्री सुमित पवार, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कौशल बिजलवान, महिला मोर्चा जिला महामंत्री निर्मल उनियाल, मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना, दीपक बिष्ट, सुंदरलाल गौड़, गोविंद सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
