परमार्थ निकेतन में प्रेम, आस्था, संस्कार और पारिवारिक आत्मीयता के दिव्य संदेश के साथ मनाया भाई दूज का पावन पर्व

  • परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों को तिलक लगाकर की मंगलकामनाएँ
  • प्रेम, विश्वास और स्नेह के पवित्र बंधन का हुआ अनुपम उत्सव

ऋषिकेश। देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा, माँ गंगा के दिव्य तट, परमार्थ निकेतन में भाई दूज का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति, उल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों को तिलक लगाकर उनके सुखद, स्वस्थ, उज्ज्वल एवं मंगलमय जीवन की कामना की। वातावरण में वैदिक मंत्रों की पवित्रता, भारतीय संस्कृति की सुगंध और भाई-बहन के निश्छल प्रेम की दिव्यता का अनुपम संगम दिखाई दिया।

भाई दूज, प्रेम, विश्वास, संरक्षण, समर्पण और पारिवारिक संबंधों की पवित्रता का उत्सव है। यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि रिश्ते केवल रक्त के संबंधों से नहीं, बल्कि आत्मीयता, संवेदना, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति मंगलभाव से बनते हैं। तिलक का यह छोटा-सा संस्कार अपने भीतर अपार स्नेह, शुभकामनाओं और जीवनभर साथ निभाने की भावना समेटे हुए है।

इस अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रत्येक पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि जीवन को श्रेष्ठ बनाने वाला एक दिव्य संदेश है। भाई दूज हमें रिश्तों की गरिमा, प्रेम की शक्ति और परिवार की एकात्मता का बोध कराता है। तिलक केवल माथे पर लगाया जाने वाला चंदन या रोली नहीं, बल्कि यह एक-दूसरे के जीवन में शुभता, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना का प्रतीक है।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपने परिवारों में प्रेम, संवाद, सम्मान और संवेदनशीलता की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करें। भाई-बहन का संबंध जीवन के सबसे सुंदर और निश्छल संबंधों में से एक है। इसमें बचपन की स्मृतियाँ, अनगिनत भावनाएँ, विश्वास और एक-दूसरे के लिए सदैव मंगल चाहने का भाव समाहित है। पर्व हमें अपने संबंधों को समय देने, उन्हें सहेजने और उनमें प्रेम की मिठास बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

भाई दूज के इस पावन अवसर पर ऋषिकुमारों को तिलक लगाना भारतीय भाव का सुंदर प्रतीक बना। भाई दूज का उत्सव भी इसी आत्मीयता को विस्तार देने का अवसर है। आइए, हम अपने घरों से प्रेम, अपने व्यवहार से सम्मान और अपने जीवन से सेवा का संदेश प्रसारित करें।

उन्होंने युवाओं और नई पीढ़ी का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिकता को अपनाएँ, तकनीक और ज्ञान में आगे बढ़ें, लेकिन अपनी जड़ों, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत से सदैव जुड़े रहें। रिश्तों को केवल औपचारिकता न बनाएँ, बल्कि उनमें समय, संवेदना और सच्चा अपनत्व निवेश करें। परिवार ही वह प्रथम पाठशाला है, जहाँ प्रेम, त्याग, सहयोग और संस्कारों का बीजारोपण होता है।

भाई दूज का महोत्सव योगाचार्य गंगा नन्दिनी जी के मार्गदर्शन में विश्व के अनेक देशों से आये प्रतिभागियों के पावन सान्निध्य में मनाया गया।

More From Author

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने डाॅ. नरेश चौधरी को किया सम्मानित

विधायक डॉ. प्रेमचंद ने वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.