लोकतंत्र और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर वैश्विक मंथन, 20 फरवरी को भारत मण्डपम में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस

  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं एसएआईपीआर प्रमुख डॉ. चिन्मय पण्ड्या करेंगे उद्घाटन

हरिद्वार। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई) और लोकतांत्रिक मूल्यों के समन्वय पर वैश्विक विमर्श को सशक्त करने के उद्देश्य से 20 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मण्डपम में एक अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्फ्रेंस एआई फॉर डेमोक्रेसी विषय पर केंद्रित होगी और यह इस अंतरराष्ट्रीय समिट का सबसे प्रमुख कार्यक्रम होगा। यह समिट इंडिया एआई मिशन (भारत सरकार), इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (आईपीयू) तथा हरिद्वार स्थित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के तत्वावधान में की जा रही है।
इसका उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं साउथ एशियन इंस्टीट्यूट फॉर पीस एंड रिकॉन्सिलिएशन (एसएआईपीआर) के प्रमुख डॉ. चिन्मय पण्ड्या संयुक्त रूप से करेंगे। कार्यक्रम में हंगरी की संसद के डिप्टी स्पीकर श्री लोजस ओलाह सहित भारत एवं विदेशों से आए एआई विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, शिक्षाविद् और गणमान्य अतिथि सहभागिता करेंगे। कॉन्फ्रेंस के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तकनीकी, नैतिक, सामाजिक और लोकतांत्रिक पहलुओं पर गहन विचार-मंथन होगा। विशेष रूप से यह चर्चा की जाएगी कि एआई का उपयोग लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त करने, पारदर्शिता बढ़ाने, नागरिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षा, परिवार और समाज पर इसके प्रभावों को संतुलित ढंग से समझने में कैसे किया जा सकता है।
इस अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का नेतृत्व देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति युवा आइकॉन डॉ. चिन्मय पण्ड्या करेंगे, जो एसएआईपीआर के प्रमुख भी हैं। उनके मार्गदर्शन में एआई के शैक्षिक उपयोग, नीति निर्माण में इसकी भूमिका तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण से जुड़े विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि डॉ. पण्ड्या के नेतृत्व में देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में 16 सितंबर 2025 को इसी विषय पर एक सफल अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा चुकी है, जिसमें अनेक देशों के विशेषज्ञों ने सहभागिता की थी। यह वैश्विक स्तर पर ज्ञान, अनुभव और नीति-आधारित सहयोग को भी नई दिशा प्रदान करेगी, तो वहीं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक एवं तकनीकी योगदान को और अधिक सुदृढ़ करने वाला एक महत्वपूर्ण कदम होगी।

More From Author

महर्षि दयानंद सरस्वती जी की जयंती पर श्रद्धा-सुमन

खाद्य पदार्थो में मिलावट की प्रभावी रोकथाम हेेतु विशेष चैकिंग अभियान चलाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.