सकारात्मक पत्रकारिता समाज में विश्वास का निर्माण करती है- स्वामी चिदानन्द सरस्वती

  • भारतीय समाचारपत्र दिवस की पत्रकारिता जगत को शुभकामनायें
  • सत्य, साहस और सकारात्मक चेतना की अमर विरासत
  • शब्द जब जिम्मेदारी के साथ लिखे जाते हैं, तो वे इतिहास बनाते हैं

 

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने आज भारतीय समाचार पत्र दिवस के अवसर पर सम्पूर्ण पत्रकारिता जगत को शुभकामनायें देते हुये कहा कि भारत में पत्रकारिता की ऐतिहासिक यात्रा है।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि समाचारपत्रों की राष्ट्रनिर्माण में अद्भुत भूमिका रही है। यह दिन पत्रकारिता के निर्भीक चेतना का उत्सव है जिसने भारत में सत्य, साहस और स्वतंत्र अभिव्यक्ति की नींव रखी।
भारतीय समाचारपत्र दिवस हमें उस युग में ले जाता है, जब शब्दों की ताक़त से साम्राज्यों की नींव हिल जाया करती थी। 29 जनवरी 1780 को प्रकाशित हुआ भारत का पहला समाचारपत्र “हिक्की का बंगाल गजट” भारत ही नहीं एशिया का भी पहला मुद्रित समाचारपत्र था। समाचार पत्र प्रश्न पूछने का साहस रखने वाले पहली स्वतंत्र आवाज़ होते हैं।


स्वामी जी ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता की जड़ें भय में नहीं, बल्कि धर्म, दायित्व और जनहित में निहित हैं। समाचारपत्र केवल सूचना देने का माध्यम नहीं रहे, बल्कि उन्होंने समाज को दिशा दी, जनमानस को जागृत किया और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोया। महात्मा गांधी जी से लेकर लोकमान्य तिलक जी तक, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में समाचारपत्रों ने क्रांति का कार्य किया।
स्वामी जी ने कहा कि आज के समय में, जब सूचनाओं की बाढ़ है और सोशल मीडिया के माध्यम से क्षणभर में खबरें फैल जाती हैं, तब समाचारपत्रों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। पत्रकारिता का उद्देश्य सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि सत्य को प्रमाण, संतुलन और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करना है। नकारात्मक नैरेटिव से समाज को भ्रमित करना आसान है, किंतु सकारात्मक, समाधान-केंद्रित पत्रकारिता ही राष्ट्र को सशक्त बनाती है।
भारतीय समाचारपत्र दिवस इस बात की भी याद दिलाता है कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। इसकी शक्ति जितनी प्रभावशाली है, उतनी ही इसकी जिम्मेदारी भी। समाचारपत्रों का कर्तव्य है कि वे भय, विभाजन और निराशा का माध्यम न बनें, बल्कि आशा, एकता और जागरूकता के वाहक बनें। सकारात्मक पत्रकारिता समाज में विश्वास का निर्माण करती है और नागरिकों को समाधान की दिशा में सोचने के लिए प्रेरित करती है।
आज आवश्यकता है कि पत्रकारिता केवल समस्याओं को उजागर करने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके समाधान, प्रेरक उदाहरणों और सकारात्मक बदलावों को भी प्रमुखता से सामने लाए। जब अख़बार अच्छे कार्यों, सामाजिक पहल, नवाचार और मानवीय संवेदनाओं को स्थान देते हैं, तब वे समाज को बेहतर बनने की प्रेरणा देते हैं।
भारतीय समाचारपत्र दिवस केवल पत्रकारों का उत्सव नहीं, बल्कि हर उस नागरिक का उत्सव है जो सच पढ़ना, समझना और सही निर्णय लेना चाहता है। यह दिवस हमें यह सोचने का अवसर देता है कि हम कैसी पत्रकारिता चाहते हैं, डर फैलाने वाली या दिशा देने वाली, नकारात्मकता गढ़ने वाली या राष्ट्र को जोड़ने वाली।
भारतीय समाचारपत्र अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और सकारात्मक सोच के साथ समाज की सेवा करते रहे, शब्द जब जिम्मेदारी के साथ लिखे जाते हैं, तो वे इतिहास बनाते हैं।

More From Author

सचिव आवास डॉ आर राजेश कुमार ने की राज्य स्तर पर योजनाओं की सघन समीक्षा

फिल्म “गोदान” का टीजर, गाना और पोस्ट लॉन्च

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.