ऋषिकेश/ डोईवाला। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वट सावित्री व्रत एवं शनि जयंती के पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

डॉ. अग्रवाल ने प्रातः गंगा स्नान कर अपनी धर्मपत्नी के साथ विधि-विधान से वट सावित्री व्रत का पालन किया। इस दौरान उन्होंने वटवृक्ष की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की एवं समस्त सुहागिन महिलाओं को व्रत की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वट सावित्री व्रत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नारद मुनि की भविष्यवाणी, माता सावित्री की तपस्या एवं यमराज के समक्ष उनके अटल संकल्प और पति के प्राणों की पुनर्प्राप्ति की कथा को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह व्रत भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति, समर्पण एवं अटूट श्रद्धा का प्रतीक है।
इसके उपरांत शनि जयंती के अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने डोईवाला स्थित शनि मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर आयोजित भंडारे में भी उन्होंने सहभागिता कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया एवं पुण्य लाभ अर्जित किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऐसे पावन पर्व हमें धर्म, आस्था एवं संस्कारों से जोड़ते हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
