रुद्रपुर। आज विकास भवन, रुद्रपुर में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता तथा परियोजना निदेशक, डीआरडीए श्री हिमांशु जोशी की उपस्थिति में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विकास खंडों से संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान दिनांक 27 मई 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक के अनुपालन की स्थिति का अवलोकन किया गया तथा लंबित बिंदुओं पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों में पुस्तकालयों की स्थापना एवं स्थापित पुस्तकालयों के नियमानुसार संचालन की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, उत्पादों के विपणन तंत्र को सुदृढ़ बनाने तथा ऑनलाइन विपणन व्यवस्था विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में फरवरी 2026 में आयोजित सरस मेले के दौरान बायर-सेलर मीट में संपादित एमओयू के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत मॉडल सीएलएफ, आईएफसी एवं वीओ की प्रगति की निरंतर समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
मनरेगा योजनांतर्गत अवशेष कार्यों को 30 जून से पूर्व पूर्ण करने हेतु तैयार कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी विकास खंडों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनपद में मतांतरण एवं धर्मांतरण से संबंधित मामलों की स्थिति पर भी चर्चा की गई तथा आवश्यक सतर्कता एवं समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शाशनी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक एजेंडा बिंदु पर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता, जवाबदेही एवं सतत निगरानी को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), ग्रामोत्थान रीप परियोजना के जिला परियोजना प्रबंधक के साथ साथ समस्त जनपद स्तरीय सहायक प्रबंधक, स्वजल परियोजना के स्टाफ, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के स्टाफ सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं जनपद के सभी विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी अपनी विकासखंड स्तरीय टीम के साथ ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े और अपने-अपने विकासखंडों की प्रगति से अवगत कराया।
