
ऋषिकेश/ श्यामपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने आगामी मानसून के दृष्टिगत क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के साहब नगर, भट्टोंवाला एवं नगर निगम के मनसा देवी क्षेत्र में संभावित जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए चैनलाइजेशन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने मनसा देवी क्षेत्र के लिए नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट एवं उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से फोन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही डॉ अग्रवाल ने साहब नगर एवं भट्टोंवाला क्षेत्र में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दिशांत गुप्ता, सहायक अभियंता सुरेंद्र श्रीकोटी, अपर सहायक अभियंता हेमंत पठोई एवं अपर सहायक अभियंता संजीव चौहान से वार्ता कर चैनलाइजेशन कार्य को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि मानसून के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बाढ़ से बचाव हेतु सभी आवश्यक कदम समयबद्ध तरीके से उठाए जाएंगे।
