कांवड़ यात्रा में सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल का उपयोग पूर्णतः निःशुल्क

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार द्वारा व्यापक स्तर पर सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर निगम द्वारा मेला क्षेत्र में 180 अस्थायी शौचालयों तथा 120 एफआरपी शौचालयों की स्थापना कराई गई है। इसके अतिरिक्त बैरागी कैंप, पंतद्वीप, जटवाड़ा पुल सहित कांवड़ मार्ग के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालय स्थापित किए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को स्वच्छता संबंधी असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही नगर निगम हरिद्वार द्वारा नगर क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल (मूत्रालय) का उपयोग पूर्णतः निःशुल्क सुनिश्चित कराया गया है।

इस संबंध में सभी सार्वजनिक शौचालयों पर स्पष्ट सूचना वाले स्टिकर संबंधित क्षेत्र के मुख्य सफाई निरीक्षकों के माध्यम से लगवा दिए गए हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को यह जानकारी उपलब्ध हो सके कि यूरिनल के उपयोग हेतु किसी प्रकार का शुल्क देय नहीं है। संबंधित एजेंसियों को भी इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हरकी पैड़ी स्थित सुलभ शौचालय के संबंध में सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार माध्यमों पर प्रसारित समाचार के संबंध में संबंधित एजेंसी द्वारा अवगत कराया गया है कि जिस समय शौचालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ दिखाई दिया, उस समय वहां कार्यरत सफाई कर्मी साफ-सफाई हेतु आवश्यक सामग्री लेने गया हुआ था। साथ ही शौचालय में आई तकनीकी समस्या के कारण उसे कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया था, ताकि आवश्यक कार्य सुरक्षित रूप से संपन्न किए जा सकें तथा किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। आवश्यक कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद शौचालय को पुनः सामान्य रूप से संचालित कर दिया गया।

More From Author

नगर निगम के स्वच्छता दूत हरकी पौडी समेत गंगा घाटों पर चला रहे जागरूकता अभियान

खरीफ खरीद स्मार्ट पीडीएस एप एवं किसान पोर्टल पर पंजीकरण को किसान बंधुओं से अपील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.