नगर निगम के स्वच्छता दूत हरकी पौडी समेत गंगा घाटों पर चला रहे जागरूकता अभियान

  • स्वच्छता दूत मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को कर रहे हैं स्वच्छता के प्रति जागरूक

हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान गंगा घाटों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए घाटों पर स्वच्छता दूत तैनात किए गए हैं। नगर आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में संचालित इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता दूत मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं तथा घाटों पर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और कूड़ा केवल कूड़ेदानों में ही डालें। साथ ही माँ गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतल, बचा हुआ भोजन अथवा अन्य किसी प्रकार का कचरा न डालने का अनुरोध किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त घाटों पर प्लास्टिक की चटाई, प्लास्टिक शीट एवं पॉलिथीन का उपयोग न करने तथा भंडारा अथवा भोजन वितरण के उपरांत पत्तल, दोने, गिलास, बोतल एवं अन्य अपशिष्ट स्वयं उठाकर निर्धारित कूड़ेदानों में डालने की भी अपील की जा रही है।

भोजन ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं को भी कूड़ा इधर-उधर न फैलाने और केवल कूड़ेदानों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वच्छता दूतों द्वारा श्रद्धालुओं को सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से बचने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए भी निरंतर जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं ने नगर निगम की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग देने का भरोसा भी जताया।

इस अवसर पर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, नगर निगम की टीम तथा डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था के स्वयंसेवियों की सक्रिय उपस्थिति रही। नगर निगम द्वारा इस अभियान में निगम कार्मिकों के साथ-साथ डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स के स्वयंसेवियों का भी सहयोग लिया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक श्रद्धालुओं तक स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके। नगर निगम हरिद्वार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा घाटों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें और स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त हरिद्वार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

More From Author

प्रकृति और आधुनिकता का अनूठा संगम बनेगा राष्ट्रपति उद्यान

कांवड़ यात्रा में सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल का उपयोग पूर्णतः निःशुल्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.