जन्मशताब्दी समारोह का द्वितीय चरण का कार्यक्रम दिल्ली में

  • इंदिरा गांधी स्टेडियम में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक होगा तीन दिवसीय आयोजन

हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत द्वितीय चरण का विराट समारोह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित होगा। तीन दिवसीय यह आयोजन 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलेगा।
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में आयोजित वर्चुअल बैठक में जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने इसकी घोषणा की। बैठक में देशभर के चयनित कार्यकर्ताओं के साथ प्रज्ञा संस्थानों के समन्वयक, जोन एवं उपजोन के समन्वयक जुड़े थे। इस दौरान समारोह की रूपरेखा, विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि जन्मशताब्दी वर्ष संकल्प और साधना को कर्म में बदलने का सौभाग्य लेकर आया है। युगऋषि पं श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा जी की तप-साधना से गायत्री परिवार को जो दिशा मिली, उसे आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में होने वाला आयोजन इसी संकल्प की समीक्षा और आगामी वर्षों की कार्ययोजना का अवसर बनेगा। उन्होंने कहा कि दुर्व्यसन मुक्ति, माताजी स्मृति उपवन सहित लिए गए संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समारोह में जन्मशताब्दी वर्ष के उद्देश्यों के साथ युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज निर्माण का संकल्प प्रमुखता से रखा जाएगा।
शांतिकुंज व्यवस्थापक श्री योगेन्द्र गिरि ने कहा कि दिल्ली में होने वाले इस आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस अवसर पर दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने मैं गायत्री परिवार हूं डॉक्यूमेंट्री का विमोचन किया।
वर्चुअल मीटिंग में केंद्रीय जोनल समन्वयक डॉ. ओपी शर्मा, जन्मशताब्दी समारोह कार्यालय के समन्वयक श्री श्याम बिहारी दुबे सहित जन्मशताब्दी समारोह से जुड़े अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More From Author

28वां सावन ज्योत महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न

हरिद्वार में संत समागम में एक राष्ट्र-एक चुनाव पर संवाद में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की सहभागिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.