रक्षाबंधन से पूर्व ‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री जी ने समूह की महिलाओं से किया वर्चुअल संवाद

ऊधम सिंह नगर। रक्षाबंधन पर्व से पूर्व ‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ के उपलक्ष्य में माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जनपदों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया गया। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं द्वारा किए जा रहे स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन एवं नवाचार से संबंधित कार्यों की जानकारी स्वयं महिलाओं के माध्यम से प्राप्त की।

इसी क्रम में जनपद ऊधम सिंह नगर की समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही राखियों तथा उनके विक्रय से प्राप्त होने वाली आय एवं लाभ के संबंध में माननीय मुख्यमंत्री जी को विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर स्थानीय स्तर पर राखियों का निर्माण एवं विक्रय कर वे अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

संवाद के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने जनपद में महिलाओं द्वारा संचालित फूड ट्रक से होने वाली आमदनी एवं उससे जुड़े स्वरोजगार के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। महिलाओं ने फूड ट्रक के माध्यम से किए जा रहे व्यवसाय, उससे प्राप्त आय तथा महिला सशक्तीकरण में इसके योगदान के बारे में जानकारी साझा की।

माननीय मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं से स्वरोजगार एवं नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री जी से सीधे संवाद का अवसर पाकर समूह की महिलाएं अत्यंत उत्साहित एवं प्रसन्न नजर आईं। महिलाओं ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी से संवाद ने उनमें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है तथा वे और अधिक उत्साह के साथ अपने कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं।

माननीय मुख्यमंत्री जी ने ‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ के महत्व को रेखांकित करते हुए निर्देशित किया कि आगामी वर्षों में सशक्त बहना उत्सव योजना का आयोजन रक्षाबंधन से 15 दिन पूर्व ही शुरू किया जाए, ताकि प्रदेश की मातृशक्ति को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए अधिक समय मिल सके और उन्हें अधिक से अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त हो।

‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में कार्य कर रही है।

More From Author

परमार्थ निकेतन से श्रावण के चतुर्थ सोमवार पर समत्व का संदेश

एक गाय से तीन गायों तक: ग्रामोत्थान (REAP) ने अबीदा खातून को दी आत्मनिर्भरता की नई राह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.