विधायक डॉ. प्रेमचंद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं लो.नि.वि. के अधिकारियों के साथ बैठक की

  • श्यामपुर एवं भट्टोवाला फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर चर्चा

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव तथा श्यामपुर एवं भट्टोवाला फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि श्यामपुर फाटक एवं भट्टोवाला फाटक पर लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इन दोनों रेलवे ओवरब्रिज के बनने से क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही आबादी और वाहनों की संख्या के कारण यातायात का दबाव भी बढ़ रहा है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तैयार होने के बाद क्षेत्र में यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में श्यामपुर एवं भट्टोवाला फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री आदरणीय श्री नितिन गडकरी जी ने भी डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा काफी समय पूर्व रखी गई इस मांग का हवाला देते हुए इसे जल्द तैयार किए जाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि दोनों रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्रीय जनता के साथ ही देश-विदेश से ऋषिकेश आने वाले पर्यटकों को भी जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इससे आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी, सहायक अभियंता विजय कुमार, कनिष्ठ अभियंता अमित कश्यप, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी, कनिष्ठ अभियंता संजय सेमवाल एवं हरीश अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

हमारा उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना: महाराज

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस: विद्या का प्रकाश और सुरक्षा का विश्वास, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.