कुंभ क्षेत्र में अतिक्रमण पर सख्ती, डीएम मयूर दीक्षित ने नोडल अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

  • मनसा देवी गेट, भूपतवाला-भीमगोड़ा, बाल्मीकि चौक से लालतारा पुल तक चलेगा अभियान
  • अवैध बिजली कनेक्शन और झूलते तार हटाने के निर्देश, रोजाना होगी अतिक्रमण हटाओ अभियान की समीक्षा
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कुम्भ मेला भवन (सीसीआर) कक्ष में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर विभिन्न सेक्टरों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार नगर क्षेत्र के भूपतवाला-भीमगोड़ा, लालतारा पुल से ब्रह्मपुरी क्षेत्र, मनसा देवी गेट, बाल्मीकि चौक, शिवमूर्ति से ज्वालापुर पुल तक तथा रोड़ी बेलवाला सहित अन्य क्षेत्रों में जहां भी स्थायी अथवा अस्थायी अतिक्रमण है, उसे चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने मनसा देवी मार्ग पर रेलवे पटरी के किनारे हुए अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए।
       उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित स्थान को पूरी तरह क्लीन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा अतिक्रमण न हो। कार्रवाई के दौरान संबंधित स्टेकहोल्डर्स से संवाद स्थापित करते हुए नियमानुसार कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
       जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को मनसा देवी गेट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने तथा नगर निगम को बाल्मीकि चौक से लालतारा पुल के दाहिने हिस्से में अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने रोड़ी बेलवाला से सीसीआर तक अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग से प्रभावी इनफोर्समेंट अभियान चलाने के निर्देश दिए।
      उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट एवं नगर निगम को आपसी समन्वय से अभियान की कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सभी संबंधित नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन किए गए कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
     जिलाधिकारी ने बैठक में विद्युत विभाग को नगर क्षेत्र में अवैध विद्युत कनेक्शनों तथा झूलते हुए तारों को तत्काल हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
      उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए विद्युत संबंधी किसी भी संभावित खतरे को समय रहते दूर किया जाए।
       जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी कुंभ मेले को देखते हुए विभिन्न सेक्टर निर्धारित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कार्य सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के कार्य प्रस्तावित हैं। अतिक्रमण के कारण किसी भी निर्माण या आयोजन संबंधी कार्य में बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पहले से ही आवश्यक कार्रवाई की जाए।
          उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ के दौरान हरिद्वार शहर को साफ, स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना बेहद आवश्यक है। इसके लिए पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई एवं विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में अतिक्रमण हटाने के लिए गठित टीमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
       बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डी.पी. सिंह, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ल, उप मुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी एवं सभी नोडल अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश, घर-घर कचरा संग्रहण एवं चार-स्तरीय अपशिष्ट पृथक्करण पर विशेष जोर

जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.