- लोकसभा अध्यक्ष करेंगे उद्घाटन, राज्यपाल होंगे समापन सत्र के मुख्य अतिथि
हरिद्वार। जीवन विद्या के आलोक केंद्र के रूप में स्थापित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में ‘एआई फॉर डेमोक्रेसी’ विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय समिट का आयोजन 15 सितंबर को किया जाएगा। तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और लोकतंत्र के बदलते संबंधों, संभावनाओं और चुनौतियों पर देश-विदेश के विशेषज्ञ इस समिट में मंथन करेंगे।
समिट के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला होंगे। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल भी उपस्थित रहेंगे। वहीं समापन सत्र के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) होंगे। दोनों सत्रों की अध्यक्षता देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या करेंगे।
समिट में देश-विदेश के ख्यातिलब्ध एआई विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, तकनीकी विशेषज्ञ और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि लोकतंत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता, नीति निर्माण और मानवीय गरिमा को कैसे सुरक्षित रखा जाए, इस पर विशेष चर्चा होगी।



