
रुद्रपुर/खटीमा। जनपद ऊधम सिंह नगर के विकासखंड रुद्रपुर एवं खटीमा में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रथम दिवस का आयोजन किया गया।
विकासखंड रुद्रपुर में व्यवसायिक योजना निर्माण एवं विपणन प्रबंधन विषय पर आयोजित प्रशिक्षण में ब्लॉक के सभी छह क्लस्टर के पदाधिकारियों एवं क्लस्टर स्टाफ ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस प्रतिभागियों को क्लस्टर के लिए व्यापारिक व्यवहार्यता की समझ विकसित करने के साथ तकनीकी, बाजार, वित्तीय तथा कानूनी एवं संगठनात्मक व्यवहार्यता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा बाजार आकार के निर्धारण, बाजार को प्रभावित करने वाले कारकों, स्थानीय एवं स्थायी जनसंख्या के लिए बाजार आकार के आकलन तथा ग्राहकों की पहचान एवं लक्ष्यीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बाजार विभाजन एवं लक्षित ग्राहकों की पहचान की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर विजय कुमार एवं हरि शंकर वर्मा द्वारा किया गया।

वहीं विकासखंड खटीमा में सुशासन (Good Governance) विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण के प्रथम दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के समस्त स्टाफ एवं संचालक मंडल के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में पारदर्शिता, जवाबदेही, सहभागिता, विधि के शासन तथा प्रभावशीलता एवं दक्षता जैसे सुशासन के प्रमुख आयामों पर चर्चा की गई। साथ ही आय-व्यय का पारदर्शी लेखा-जोखा, बैठक कार्यवाही, सामाजिक अंकेक्षण, वार्षिक रिपोर्ट, नियमित ऑडिट एवं पदाधिकारियों की भूमिकाओं की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त वित्तीय जानकारी एवं प्रबंधन के अंतर्गत कैश बुक, लेजर, बैंक मिलान, आंतरिक ऋण रजिस्टर, वित्तीय साक्षरता, ब्याज दर, बचत, निवेश एवं डिजिटल भुगतान जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर आदित्य कुमार राय (आजीविका समन्वयक-रुद्रपुर) एवं सुनील उचाकोटी (आजीविका समन्वयक-बाजपुर) द्वारा किया गया।
प्रशिक्षणों का उद्देश्य CLF एवं उससे जुड़े संस्थानों की क्षमता को मजबूत करते हुए महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं संस्थागत सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।



