
रुद्रपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज जनपद उधम सिंह नगर के विकास भवन, रुद्रपुर में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शाशनी, आईएएस द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में विकास भवन के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया। महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के संदेश तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनसेवा, स्वच्छता, पारदर्शिता एवं अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने पर भी विशेष बल दिया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रहित एवं जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
