हरिद्वार। हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली गजराजो की दस्तक बीते कई दशकों से बड़ी समस्या बनी हुई थी। जगजीतपुर, बिशनपुर कुण्डी, मिसरपुर क्षेत्रों में अक्सर जंगली गजराजो के झुण्ड घुस आते हैं, कई बार मानव वन्य जीव संघर्ष भी देखने को मिल जाता है, मगर अब इस समस्या को लेकर वन महकमे ने एक नई व सस्ती कारगर नीति अपनाई है। यह सिंगल वायर सोलर फेंसिंग इस विकट समस्या से निपटने के लिए बेहद कारगर साबित हो रही है। कुछ माह पूर्व हरिद्वार रेंज के वन कर्मियों ने वन क्षेत्राधिकारी सीशपाल के नेतृत्व में इस सिंगल वायर कार्य योजना पर काम शुरू किया।
शुरुआत में सभी ने इस योजना को लेकर सवाल उठाये, मगर दृढ़ निश्चय व वनकर्मियों की मेहनत से यह तरकीब काम कर गयी। वन कार्मिओं ने मात्र सदन के पीछे स्थित जंगलो में बिना बजट के अपने स्तर से सिंगल वायर फेंसिंग करी, जो कारगर सिद्ध हुई। आज जहां-जहां यह सिंगल वायर फेंसिंग लगी है वहां जंगली हाथियों ने आना छोड़ दिया है इसको लेकर वन महकमा उत्साहित है, वहीं कुम्भ के दौरान इस क्षेत्र में खाई खुदान के साथ ही परमानेंट फंसिंग की योजना भी प्रस्तावित है, मगर सिंगल वायर फेंसिंग की सफलता को देखते हुए, इसे राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाना चाहिए। शुरुआत में इस योजना को लेकर इसकी सफलता पर आशंका थी। मगर जब से जिन स्थानो पर यह सिंगल वायर फेंसिंग लगाई गयी है, वहां हाथियों की आमद रुक गयी है, वहीं वैज्ञानिक तरीके से हर रोज का डेटा एकत्र कर, सघन माॅनिटरिंग की जा रही है, साथ ही कई टीम इस माॅनिटरिंग को तैनात की गयी है प्रारम्भिक तौर पर यह प्रयोग सफल रहा है।
