हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब देखने को मिला। हरकी पौड़ी समेत तमाम गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के कोने-कोने से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया। इस विशेष धार्मिक मुहूर्त का लाभ उठाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचे और परिवार की सुख-समृद्धि के साथ-साथ अपने पितरों की शांति और मोक्ष की कामना की। वहीं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट नजर आया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की ओर से जगह-जगह पुख्ता इंतजाम किए गए। गंगा घाटों और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और स्नान पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। वहीं पंडित जितेंद्र शास्त्री ने सोमवती अमावस्या के धार्मिक महत्व को बताते हुए कहा कि जब अमावस्या तिथि सोमवार के दिन पड़ती है, तो उसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है। इस दिन मां गंगा में स्नान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
उन्होंने बताया कि सोमवती अमावस्या पर गंगा घाटों के समीप पूजा-पाठ, तर्पण और दान-पुण्य करने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन धार्मिक अनुष्ठान करने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि इस विशेष मुहूर्त का लाभ उठाने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचते हैं। कुल मिलाकर सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर जहां गंगा घाट मां गंगा के जयकारों से गूंजते नजर आए, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभालने में जुटा रहा।
