चारधाम यात्रा की तैयारियों पर मा. प्रभारी मंत्री ने यात्रा मार्ग का लिया जायजा,मार्ग सुधारीकरण कार्यों में तेजी के निर्देश

  • बद्रीनाथ हाईवे का स्थलीय निरीक्षण, लैंडस्लाइड जोन में युद्ध स्तर पर काम करने के निर्देश
  • यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि: गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने पर जोर

चमोली। माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मा० मंत्री ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग श्री भरत सिंह चौधरी ने रविवार को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कमेड़ा से श्री बद्रीनाथ धाम तक बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मा० मंत्री ने कमेड़ा, नंदप्रयाग, पागलनाला, भनेरपानी एवं टंगड़ी के लैंडस्लाइड जोन में एनएचआईडीसीएल द्वारा संचालित मार्ग सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इन संवेदनशील स्थलों पर कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण करने, अधिक मशीनरी एवं मैनपावर तैनात करने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मा० मंत्री ने बीआरओ के अधिशासी अभियंता को मारवाड़ी के आगे हाथीपहाड़ क्षेत्र सहित अन्य क्षतिग्रस्त स्थलों पर सड़कों के त्वरित सुधारीकरण के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को बद्रीनाथ धाम में संचालित मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों को तय समय में पूर्ण करने तथा कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाए तथा संभावित आपदा स्थलों पर पूर्व तैयारी रखते हुए सतर्कता बरती जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया।

इस दौरान मा० मंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न एलपीजी आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के समाधान हेतु किए जा रहे वैकल्पिक उपायों एवं सरकार के प्रयासों की भी जानकारी दी, ताकि यात्रा के दौरान आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध रह सकें।

निरीक्षण के दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, एनएचआईडीसीएल के जीएम शादाब इमाम , पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता  योगेश मनराल, बीआरओ के अधिशासी अभियंता केटी राव , एसडीएम कर्णप्रयाग सोहन सिंह रागण, एसडीएम चमोली, एसडीएम जोशीमठ सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

More From Author

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सीएम धामी का विपक्ष पर तीखा प्रहार — “महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने वालों को मातृशक्ति देगी करारा जवाब”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.