देहरादून में न्याय तक समान पहुँच पर मंथन आज से

  • नॉर्थ जोन क्षेत्रीय सम्मेलन में जुटेंगे देशभर के न्यायाधीश व विधिक विशेषज्ञ

देहरादून। न्याय व्यवस्था को अधिक सुलभ, समावेशी और जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 11 एवं 12 अप्रैल, 2026 को देहरादून स्थित ताज होटल में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखंड, नैनीताल के सहयोग से नॉर्थ जोन क्षेत्रीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन का केंद्रीय विषय “न्याय तक पहुँच को सुदृढ़ बनाना” निर्धारित किया गया है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की सचिव श्रीमती सीमा हुँगराकोटी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में भारत के सर्वाेच्च न्यायालय एवं विभिन्न उच्च न्यायालयों के माननीय न्यायाधीशगण सहभागिता करेंगे। विशेष रूप से, भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश की गरिमामयी उपस्थिति इस आयोजन को विशिष्ट महत्व प्रदान करेगी।
दो दिवसीय सम्मेलन में न्याय तक समान एवं प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करने, विधिक सेवा तंत्र को सुदृढ़ बनाने, कारागार सुधार, अंडरट्रायल बंदियों के अधिकारों की सुरक्षा तथा मानव-केंद्रित विधिक सहायता को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में न्यायिक अधिकारी, विधिक विशेषज्ञ एवं नीति-निर्माता अपने अनुभव, नवाचार एवं सुझाव साझा करेंगे, जिससे न्याय व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में ठोस पहल संभव हो सकेगी।
यह सम्मेलन न्याय के लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने, विधिक सेवाओं की पहुँच को अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने तथा न्यायिक तंत्र में जन-विश्वास को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

More From Author

मुख्यमंत्री धामी द्वारा बीते दिनों केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से देहरादून-वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या उड़ान सम्पर्क बढ़ाये जाने का अनुरोध किया गया

मुख्यमंत्री धामी ने छात्रसंघ समारोह में प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं को किया संबोधित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.