
ऋषिकेश। धन्वंतरि जयंती एवं धनतेरस के पावन अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे चिकित्सकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने चिकित्सकों को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया तथा उन्हें दीपावली एवं धनतेरस की शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. सुशील सेमवाल, डॉ. जसवंत सिंह, डॉ. संदीप भंडारी, डॉ. अंजना एवं डॉ. नीरज नौटियाल शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सक समाज के सच्चे सेवक हैं। वे दिन-रात समर्पण भाव से मानव जीवन की रक्षा और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटे रहते हैं। उनका योगदान केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज में सेवा, संवेदना और मानवता के मूल्यों को भी सशक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद एवं आरोग्य का देवता माना जाता है। धन्वंतरि जयंती के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पित चिकित्सकों का सम्मान करना उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने सभी चिकित्सकों के स्वस्थ, सुखी एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, पूर्व सैनिक सोबन कैंतुरा, भाजपा कार्यकर्ता गोपाल सती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
