ऋषिकेश। गढ़ सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने आगामी गढ़वाल के लोक पर्व ‘इगास बग्वाल’ के आयोजन में सम्मिलित होने के लिए डॉ. अग्रवाल को आमंत्रित किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने लोक पर्व इगास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं और पर्व हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इगास बग्वाल हमारी लोक आस्था, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे पर्व हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सभी का दायित्व है। इस प्रकार के आयोजनों से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र राणा, सचिव गोपाल सती, मनोज ध्यानी, अरुण बडोनी, दिनेश पयाल, राजवीर रावत, सुमित पंवार, विजय रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
