- भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है: डॉ. अग्रवाल

ऋषिकेश। रेलवे रोड, ऋषिकेश में गत रात्रि रोटरी क्लब ऋषिकेश द्वारा आयोजित “नेशनल बिल्डर अवार्ड समारोह” में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जो अपने समर्पण, परिश्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा से विद्यार्थियों के भविष्य के साथ-साथ राष्ट्र के भविष्य को भी संवारने का कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक के मार्गदर्शन से तैयार होने वाला विद्यार्थी आगे चलकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। इसलिए शिक्षक को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। आज के बदलते दौर में भी शिक्षकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध से जोड़ना आवश्यक है।

डॉ. अग्रवाल ने रोटरी क्लब ऋषिकेश द्वारा शिक्षकों के सम्मान के लिए आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष मेहरबान सिंह बिष्ट, सचिव मनीष राजपूत, कोषाध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल, कार्यक्रम संचालक डॉ. हरिओम प्रसाद, नवीन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, नितिन गुप्ता, सुदामा सिंघल, लक्ष्मण सिंह चौहान, शिव प्रसाद भट्ट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



