परमार्थ निकेतन में आयोजित ओशो मेगा कैंप के माध्यम से ध्यान, मौन और आत्मचेतना की साधना

  • परमार्थ पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी के पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद
  • स्वामी श्री आनंद अरुण जी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ चार दिवसीय ओशो मेगा कैंप
  • विश्व के विभिन्न देशों से आये साधकों ने परमार्थ निकेतन की आध्यात्मिक ऊर्जा, दिव्य वातावरण और मां गंगा के पावन तट पर किया ध्यान एवं आत्मचिंतन
  • स्वामी श्री आनंद अरुण जी ने पूज्य स्वामी जी को स्नेहपूर्वक नेपाल के काठमांडू स्थित ओशो तपोवन इंटरनेशनल कम्यून पधारने हेतु किया आमंत्रित
  • ध्यान, जीवन को पूर्ण जागरूकता के साथ जीने की कला: स्वामी चिदानन्द सरस्वती
  • ऋषिकेश की धरती, अमृत, संयम, साधना और संगम की धरती: आनंद अरुण

ऋषिकेश। हिमालय की पावन तलहटी में, माँ गंगा के दिव्य तट पर स्थित परमार्थ निकेतन सदैव से योग, ध्यान, अध्यात्म, वेद एवं वेदान्त की वैश्विक चेतना का केंद्र रहा है। यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा, ऋषि-मुनियों की तपःस्थली की परंपरा और पूज्य संतों का सान्निध्य विश्वभर के जिज्ञासुओं को आत्मबोध एवं आंतरिक शांति की यात्रा के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर स्वामी श्री आनंद अरुण जी ने परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी को स्नेहपूर्वक नेपाल के काठमांडू स्थित ओशो तपोवन इंटरनेशनल कम्यून पधारने हेतु आमंत्रित किया।
इसी आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए परमार्थ निकेतन में 30 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2026 तक चार दिवसीय आठवें ओशो मेगा कैंप का आयोजन किया। नेपाल के काठमांडू स्थित ओशो तपोवन इंटरनेशनल कम्यून, स्वामी आनंद अरुण जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में देश-विदेश से आये साधकों ने परमार्थ निकेतन के दिव्य वातावरण में ध्यान, मौन, आत्मनिरीक्षण और अंतर्चेतना की साधना में सहभाग किया।
इस अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी का पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद साधकों के लिए विशेष प्रेरणा का केंद्र रहा। पूज्य स्वामी जी ने कहा कि मनुष्य की वास्तविक यात्रा बाहर की उपलब्धियों से भीतर की अनुभूति तक की यात्रा है। संसार में हम निरंतर कुछ पाने, कुछ बनने और कुछ सिद्ध करने की दौड़ में लगे रहते हैं, परंतु जीवन का वास्तविक आनंद स्वयं को जानने और अपने भीतर विद्यमान शांति से जुड़ने में है।

उन्होंने कहा कि ध्यान अर्थात् जीवन को पूर्ण जागरूकता के साथ जीने की कला है। जब हम अपने विचारों, भावनाओं और प्रतिक्रियाओं का साक्षी बनना सीख जाते हैं, तब हमारे भीतर एक नई स्पष्टता और संतुलन का उदय होता है। ध्यान हमें स्वयं से जोड़ता है और जब व्यक्ति स्वयं से जुड़ता है, तभी वह परिवार, समाज, प्रकृति और समस्त सृष्टि के साथ अधिक संवेदनशील एवं समरस संबंध स्थापित कर पाता है।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा ने सदैव आत्मानुभूति को जीवन का परम लक्ष्य माना है। उपनिषदों का ‘आत्मा वा अरे द्रष्टव्यः’ का संदेश हमें अपने भीतर उतरने, स्वयं को जानने और जीवन के गहन सत्य को अनुभव करने की प्रेरणा देता है। योग, ध्यान और साधना की विविध पद्धतियाँ अंततः आंतरिक चेतना की ओर ले जाने के मार्ग हैं।
स्वामी आनंद अरुण जी ने साधकों को ओशो की ध्यान परंपरा, सक्रिय ध्यान, मौन और साक्षीभाव की विभिन्न विधियों से परिचित कराया। शिविर के दौरान ध्यान-सत्रों, प्रवचनों एवं आत्मचिंतन के माध्यम से साधकों को अपने भीतर की संभावनाओं को पहचानने तथा दैनिक जीवन में जागरूकता विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि परमार्थ निकेतन का दिव्य वातावरण इस साधना यात्रा को और अधिक अर्थपूर्ण बनाता है। एक ओर हिमालय की दिव्यता, दूसरी ओर माँ गंगा की अविरल धारा और प्राचीन भारतीय ऋषि परंपरा की आध्यात्मिक चेतना साधकों को बाहरी कोलाहल से ऊपर उठकर अपने भीतर झाँकने की प्रेरणा देती है। यहाँ ध्यान केवल एक व्यक्तिगत अभ्यास नहीं, बल्कि प्रकृति, चेतना और समस्त अस्तित्व के साथ एकात्मता अनुभव करने का माध्यम बन जाता है।
परमार्थ निकेतन में योग और ध्यान की विभिन्न परंपराओं का संगम भारतीय अध्यात्म की उदारता और समावेशी दृष्टि का परिचायक है। भारत की आध्यात्मिक विरासत किसी एक पद्धति, मत अथवा मार्ग तक सीमित नहीं रही। यहाँ ज्ञान, भक्ति, कर्म और योग की अनेक धाराएँ मानवता को आत्मोन्नति का मार्ग दिखाती रही हैं। इसी व्यापक दृष्टिकोण के साथ परमार्थ निकेतन विश्वभर के साधकों, आध्यात्मिक जिज्ञासुओं, योगाचार्यों और संतों का स्वागत करता है।
शिविर के समापन अवसर पर साधकों ने इस अनुभव को आत्मचिंतन, आंतरिक शांति और जीवन को अधिक सजगता से जीने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में अनुभव किया।

More From Author

विशेष स्वच्छता अभियान में सहयोग करने वाले संस्थानों को किया सम्मानित

अनीता सोनी की पुस्तक ‘छंद मकरंद मेरे गीत’ के लोकार्पण में जुटी साहित्य प्रेमियों की भींड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.