रानीपोखरी/ डोईवाला। रानीपोखरी स्थित प्राचीन सिद्ध महादेव मंदिर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के समापन अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सम्मिलित होकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने व्यास पीठ पर विराजमान पूज्य व्यास जी का आशीर्वाद प्राप्त कर सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि एवं प्रदेश की मंगलकामना की।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव की महिमा का स्मरण एवं शिव महापुराण का श्रवण मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं मजबूत होती हैं तथा समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि भगवान सिद्ध महादेव की पावन भूमि रानीपोखरी में आयोजित शिव महापुराण कथा ने क्षेत्र के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव के जीवन, महिमा एवं सनातन धर्म के मूल संदेशों को जानने का अवसर मिला।
इस अवसर पर चंद्र सिंह, बलराम सिंह, कामेश रावत, रविंद्र पुंडीर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



