- विधायक डॉ. प्रेमचंद ने कथा व्यास श्री राधाकृष्ण से आशीर्वाद प्राप्त किया
- भगवान श्रीहरि से प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की

ऋषिकेश। विधानसभा क्षेत्र के भट्टोंवाला में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के समापन अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कथा व्यास श्री राधाकृष्ण अमोला जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा का श्रवण कर भगवान श्रीहरि से प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, धर्म, संस्कार और सद्मार्ग की दिशा दिखाने वाला दिव्य ग्रंथ है। भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और उसे ईश्वर के प्रति भक्ति एवं समर्पण की प्रेरणा मिलती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति और संतों का सानिध्य जीवन को नई दिशा प्रदान करता है। भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं उनके संदेशों का श्रवण हमें अपने जीवन में धर्म, कर्तव्य, सेवा और सदाचार को अपनाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान श्रीमती दीपा राणा, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, श्री गजेंद्र राणा, श्री जोधपाल सिंह, जनार्दन खैरवाल, सुभाष ढोभाल, हरपाल राणा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



