संघर्ष से आत्मनिर्भरता तक: आरती मंडल ने रिटेल शॉप से लिखी नई सफलता की कहानी

सितारगंज। ऊधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज विकासखंड के ग्राम रुद्रपुर की रहने वाली आरती मंडल, भक्ति समूह की सदस्य हैं। उनका समूह जय गुरु ग्राम संगठन से जुड़ा है तथा भगवत स्वायत्त सहकारिता, रुद्रपुर के अंतर्गत आता है। कभी गृहिणी के रूप में परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष करने वाली आरती ने आज रिटेल शॉप के माध्यम से अपनी पहचान और आत्मनिर्भरता का नया रास्ता बनाया है।

आरती के लिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना आसान नहीं था। गतिविधि शुरू करने से पहले उनकी आजीविका का कोई नियमित व्यवसाय नहीं था और वे गृहिणी थीं। ऐसे समय में IFAD-वित्तपोषित ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पुअर गतिविधि के रूप में रिटेल शॉप स्थापित करने के लिए उन्हें ₹35,000 की परियोजना सहायता प्राप्त हुई।

लगातार मेहनत और लगन का परिणाम जल्द ही दिखाई देने लगा। इस अवधि में उनकी रिटेल शॉप से ₹18,000 की आय प्राप्त हुई, जबकि कुल व्यय ₹5,000 रहा। इस प्रकार अब तक उन्हें ₹13,000 का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ है और वर्तमान में उनका औसत मासिक शुद्ध लाभ लगभग ₹4,000 से ₹6,000 तक है।
आरती के लिए यह केवल एक दुकान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की शुरुआत है। रिटेल शॉप से आय बढ़ने के साथ उनके परिवार के जीवन स्तर में स्पष्ट सुधार आया है। अब वे समय पर परिवार के लिए सुविधा, बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हैं। आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ उनमें आत्मविश्वास, संतोष और अपने निर्णय स्वयं लेने की क्षमता भी बढ़ी है।

आरती की कहानी बताती है कि सही अवसर, परियोजना का सहयोग और मेहनत मिल जाए तो ग्रामीण महिलाएं अपनी आजीविका को मजबूत कर परिवार के भविष्य को बेहतर बना सकती हैं। ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना द्वारा उपलब्ध कराया गया सहयोग आरती जैसी महिलाओं को केवल आर्थिक संबल नहीं दे रहा, बल्कि उन्हें सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा भी प्रदान कर रहा है।

More From Author

राजस्व पुलिस एवं भूलेख सर्वेक्षण संस्थान, अल्मोड़ा का होगा सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण: आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद

आरएसएस के पर्यावरण विभाग के राष्ट्रीय संयोजक गोपाल आर्य का परमार्थ निकेतन में आगमन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.