ऋषिकेश/ छिद्दरवाला। नेपाल में आई भीषण त्रासदी में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने के लिए देर शाम छिद्दरवाला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सहभागिता कर दो मिनट का मौन रखा तथा मोमबत्ती जलाकर दिवंगत आत्माओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि नेपाल में हुई यह त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। इस कठिन घड़ी में हर भारतीय और प्रत्येक संवेदनशील व्यक्ति की भावनाएं नेपाल के लोगों के साथ हैं। मानवता के नाते हम सभी का कर्तव्य है कि दुख की इस घड़ी में नेपाल के साथ मजबूती से खड़े रहें और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करें।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा अब तक पांच चरणों में विभिन्न माध्यमों से राहत सामग्री नेपाल भेजी जा चुकी है। भारत हमेशा की तरह संकट की घड़ी में पड़ोसी देश नेपाल के साथ खड़ा है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि नेपाल सरकार के अनुसार त्रासदी में सैंकड़ो लोगों की मृत्यु हो चुकी है और अभी भी हजारों लोग लापता बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां बेहद कठिन हैं, फिर भी मानवता के नाते हम सभी प्रभु से प्रार्थना करते हैं कि लापता लोग सकुशल हों और उनके परिवारों को जल्द कोई सुखद समाचार प्राप्त हो।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान गोकुल रमोला, मोहर सिंह असवाल, शैलेंद्र रांगढ़, भावना गुरुंग, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि राणा, राकेश रावत, उप प्रधान अमर खत्री, उत्तम भंडारी, कुंवर सिंह गुसाईं, गोरखाली सुधार सभा अध्यक्ष किशन थापा, मंदिर समिति अध्यक्ष धीरज थापा, तीज समिति अध्यक्ष संगीता गुरुग, दीपक थापा, आरती थापा, आनंद भंडारी, स्नेह लता भंडारी, पूर्ण बहादुर मल्ल, अंबर गुरूंग सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।



