
- सभी सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं: डॉ. अग्रवाल
ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान डॉ अग्रवाल ने लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसमें 12 करोड़ रुपये कुंभ निधि से 6 कार्य तथा 12 करोड़ रुपये राज्य योजना के अंतर्गत भट्टोंवाला मे पुल सहित 6 योजना की स्वीकृत धनराशि शामिल है।
डॉ अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने जिन सड़कों पर अभी तक पेचवर्क नहीं हुआ है, वहां तत्काल पेचवर्क शुरू कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से हॉट रोड, खदरी रोड, रायवाला अमित ग्राम सहित अन्य मार्गों पर शीघ्र पेचवर्क कराने को कहा।
साथ ही श्यामपुर वार्ड नंबर 11, खैरी खुर्द स्थित पांडे प्लॉट एवं मुख्य मार्ग, गुमानीवाला क्षेत्र, खांड गांव की सैनिक कॉलोनी तथा भट्टोंवाला सहित अन्य क्षेत्रों में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़कें विकास की आधारशिला हैं और इनके निर्माण एवं सुधारीकरण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.एन. द्विवेदी, सहायक अभियंता राजेश चौहान एवं कनिष्ठ अभियंता अभिषेक अरोड़ा उपस्थित रहे।
