ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में महान शिक्षाविद, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं भारतीय जन संघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि “जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है” का उद्घोष आज भी देशवासियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति प्रेरित करता है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो संविधान और दो निशान नहीं चलेंगे” जैसी दृढ़ विचारधारा के साथ देश की एकता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है और उनके विचार सदैव राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस अवसर पर रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, खांड रायवाला ग्राम प्रधान सविता नेगी, संगीता भट्ट, सुरेंद्र बिष्ट, सुनील गौड़, कुलदीप नेगी, सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
