
ऋषिकेश/छिद्दरवाला। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने छिद्दरवाला के साहब नगर स्थित हिमालय देवी माता मंदिर प्रांगण में आयोजित शिव महापुराण कथा में सम्मिलित होकर धर्म लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर उन्होंने व्यास गद्दी पर विराजमान कथा व्यास पंडित लोकेश शास्त्री जी (श्रीधाम वृंदावन वाले) का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं प्रदेश के कल्याण की कामना की।
डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शिव महापुराण कथा हमें सनातन संस्कृति के मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों में आपसी सद्भाव एवं संस्कारों की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हो तथा सभी के जीवन में सुख-शांति बनी रहे।
इस अवसर पर धीरज थापा (मंदिर अध्यक्ष), कृष्ण कुमार थापा (अध्यक्ष, गोरखाली सुधार सभा), भावना गुरुंग (ग्राम प्रधान, साहब नगर), स्नेह लता भंडारी (पूर्व प्रधान), शोभन सिंह कैंतूरा (पूर्व प्रधान), सुरेंद्र बिष्ट (रायवाला मंडल अध्यक्ष), अनीता राणा, शमा पवार, विजयलक्ष्मी पवार (जिला पंचायत सदस्य, साहब नगर), गुरप्रीत सिंह सोढ़ी एवं कैलाश रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



