विधायक डॉ. प्रेमचंद ने बाढ़ सुरक्षा को लेकर सिंचाई विभाग द्वारा प्रस्तुत कार्ययोजना के क्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का किया निरीक्षण

रायवाला/ श्यामपुर। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने हाल ही में आयोजित सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में बाढ़ सुरक्षा को लेकर विभाग द्वारा प्रस्तुत कार्ययोजना के क्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रायवाला के अडवाणी प्लाट, गौहरी माफी एवं खदरी खड़क माफ में संचालित चैनलाइजेशन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं तकनीकी मानकों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य अत्यंत संवेदनशील होते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं ताकि आगामी मानसून मे जनता को नुकसान न हो और उनमें उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मानसून सीजन को दृष्टिगत रखते हुए बाढ़ सुरक्षा के सभी इंतजाम मजबूत और प्रभावी होने चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की आपदा से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशील स्थानों की विशेष निगरानी रखी जाए तथा जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराकर कार्यों में तेजी लाई जाए।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से संवाद भी किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, पंचायत सदस्य गौरव चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनूप नेगी, पंचायत सदस्य अनीश, हरीश नेगी, बलवीर नेगी, गौहरी माफी ग्राम प्रधान ज्योति सेमवाल, पूर्व ग्राम प्रधान रोहित नौटियाल, देवेंद्र सेमवाल, रामचंद्र जोशी, नारायण सिंह कैंतूरा, सूरत सिंह नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान स्वरूप सिंह पुंडीर, मोहन सिंह रावत, सुन्दरमणि शास्त्री, लाखीराम रतूड़ी, गुड्डी देवी, अखिलेश मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं सिंचाई विभाग के उपखंड अधिकारी सुरेंद्र श्रीकोटी एवं कनिष्ठ अभियंता अखिलेश झींकवान आदि मौजूद रहे।

More From Author

एम्स ऋषिकेश में हिंदी कार्यशाला आयोजित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.