- डॉ. अग्रवाल ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनकर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया
ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुमानीवाला स्थित चीनी गोदाम रोड पर भुवनचंद फुलेरा जी के आवास पर क्षेत्रीय जनता एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने विशेष रूप से विगत दिनों निराश्रित एवं आक्रामक गौवंश के कारण हुए हादसों का गंभीर संज्ञान लिया। उन्होंने नगर निगम के एमएनए को तत्काल प्रभाव से ऐसे गौवंश को चिन्हित कर पकड़ने एवं उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। डॉ. अग्रवाल ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि सड़कों को शीघ्रता से दुरुस्त किया जा सके और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विकास कार्यों के दौरान गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
डॉ. अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
बैठक के अंत में डॉ. अग्रवाल ने सभी से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही हमारा सर्वोपरि उद्देश्य है और इसी भावना के साथ सभी को मिलकर कार्य करना है।
इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, परशुराम गौड़, जतिन गौतम, राहुल त्रिपाठी, विपिन पंत, निर्मला उनियाल, जगदीश नौटियाल, रोशन पुंडीर, अखिलेश सिंघल, जयपाल त्यागी, सुशीला नेगी, हेमा फुलारा, नीलम देवराड़ी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



