विधायक डॉ. प्रेमचंद ने निशानेबाज जसपाल राणा के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की

ऋषिकेश/डोईवाला। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विश्व प्रसिद्ध दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा के पार्थिव शरीर पर हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारजनों भाई शुभाष राणा जी एंव बहन सुषमा राणा जी से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

डॉ. अग्रवाल ने इस दुःखद अवसर पर कहा कि मात्र 49 वर्ष की आयु में जसपाल राणा का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उनका इस प्रकार अचानक चले जाना खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश की शान थे, जिन्होंने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और अथक परिश्रम के बल पर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया।

उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने अपने खेल जीवन में अनेक उपलब्धियां हासिल कीं और देश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया। एक उत्कृष्ट निशानेबाज होने के साथ-साथ वे एक कुशल मार्गदर्शक और कोच के रूप में भी युवाओं के भविष्य को संवारने में निरंतर योगदान दे रहे थे। उनका व्यक्तित्व अनुकरणीय था और वे सदैव देशहित तथा खेलों के विकास के लिए समर्पित रहे।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उनका निधन केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व का जाना है जिसने अपने जीवन से लाखों युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी और उनकी स्मृतियां सदैव हम सभी के बीच जीवित रहेंगी।

डॉ. अग्रवाल ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करें।

More From Author

परमार्थ निकेतन, जहाँ सेवा केवल कार्य नहीं, बल्कि साधना

मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.