- जैन धर्म के सिद्धचक्र महामंडल विधान जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, अहिंसा, त्याग एवं सदाचार की भावना को सुदृढ़ करते हैं: डॉ. अग्रवाल

ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज श्री दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर, ऋषिकेश में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित होकर उन्होंने भगवान के चरणों में नमन करते हुए प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जैन धर्म के सिद्धचक्र महामंडल विधान जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, अहिंसा, त्याग एवं सदाचार की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम न केवल आस्था का केंद्र होते हैं, बल्कि समाज को एकता, भाईचारे और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने जैन समाज द्वारा इस भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं आयोजकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश जैसे आध्यात्मिक नगरी में इस प्रकार के आयोजन शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जैन समाज सदैव सामाजिक समरसता एवं सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
इस अवसर पर दिगम्बर जैन समाज ऋषिकेश के अध्यक्ष श्री पी.के. जैन,मंत्री श्री अरविन्द जैन, श्री नितेश जैन, श्री आशीष जैन ने डॉ प्रेमचंद अग्रवाल का 19 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर शौल ओढ़ाकर माला पहनाकर सम्मानित किया।
श्री श्रवण जैन के संचालन में हुए कार्यक्रम में पूर्व पार्षद श्री कमलेश जैन, श्रीमती पूर्णिमा जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं जैन समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता करते हुए आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
