
ऋषिकेश/ डोईवाला। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सर्वप्रथम डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित अपने कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, संजीव पाल, अरविंद चौधरी, अशोक पासवान, कविता शाह, दीपा राणा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

इसके पश्चात डॉ. अग्रवाल ने डोईवाला स्थित श्री हर ज्ञानचंद शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रतिभाग कर ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में श्रीमती नगीना रानी गुसाईं (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), ईश्वर चंद्र अग्रवाल, गणेश भट्ट, प्रीतम सिंह पाल, कैलाश मित्तल, आनंद गुप्ता, हरिओम गुप्ता, विनय जिंदल, प्रधानाचार्य महेश गुप्ता सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसके बाद डॉ. अग्रवाल ने डोईवाला स्थित चौक पर भी ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर ईश्वर चंद्र अग्रवाल, नीरज गुप्ता, कैलाश मित्तल, प्रीतम पाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हम सभी को विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।



