- कोलकाता युवा प्रकोष्ठ का 800वाँ साप्ताहिक वृक्षारोपण गायत्री तीर्थ में

हरिद्वार। मानवता के कल्याण और पर्यावरण संतुलन हेतु समर्पित गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ (कोलकाता) के कार्यकर्ताओं द्वारा एक ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित की गई। रविवार को शांतिकुंज हरिद्वार स्थित पावन समाधि स्थल के समक्ष इस समूह द्वारा 800वें सप्ताह का रविवासरीय वृक्षारोपण अभियान अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि प्रकृति और संस्कृति के समन्वय का यह अभियान वर्ष 2010 में अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या व श्रद्धेया शैलदीदी के पावन संकल्प और मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ था, जो विगत 15 वर्षों से अनवरत चल रहा है। अभियान के 800वाँ रविवार को उत्साहपूर्वक मनाने के लिए कोलकाता युवा प्रकोष्ठ के 50 से अधिक युवा हरिद्वार पहुंचे।
800वाँ रविवार के दौरान देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं युवा आइकॉन डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने शांतिकुंज के गेट नं 3 के निकट पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। प्रतिकुलपति ने कहा कि वृक्षारोपण वास्तव में प्रकृति की आराधना का एक जीवंत मार्ग है। कोलकाता के युवाओं ने जिस निरंतरता और निष्ठा के साथ इस सेवा कार्य को जीवित रखा है, वह अत्यंत सराहनीय है। जब युवा पीढ़ी अपनी संकल्प शक्ति को पर्यावरण के संरक्षण के प्रति समर्पित करती है, तभी एक स्वस्थ और सुरक्षित कल का निर्माण संभव हो पाता है।
अभियान के दौरान कोलकाता युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए प्रकृति के प्रति अपनी कटिबद्धता दोहराई। युवा प्रकोष्ठ कोलकाता के श्री रवि शर्मा ने कहा कि आज जब प्रकृति माँ प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसे अनेक संकटों से जूझ रही है, तब वृक्ष ही आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षा कवच और समस्याओं का एकमात्र स्थायी समाधान हैं।
