कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी, अपर मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

  • दक्षद्वीप क्षेत्र में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण अंतिम चरण में
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुंभ नगरी में बड़े पैमाने पर अवस्थापना सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। कुंभ मेले के लिए स्वीकृत निर्माण कार्य चरणबद्ध रूप से पूर्णता की ओर बढ़ रहे हैं। मेला क्षेत्र में सड़क, पुल, पार्किंग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने बैरागीवाला एवं श्रीयंत्र क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कुंभ मेला मद से संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने दक्षद्वीप क्षेत्र में वन विभाग के माध्यम से परियोजना क्रियान्वयन इकाई, सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित कराई जा रही इंटरलॉकिंग सड़क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इस पर उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं की सराहना की तथा शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कुंभ मेला मद से बैरागी कैंप से श्रीयंत्र मंदिर को जोड़ने वाले मार्ग पर दक्षद्वीप के वन क्षेत्रांतर्गत लगभग 650 मीटर लंबाई में कच्ची सड़क का सुधार कर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। कुंभ मेले के दौरान यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा। इस क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों एवं धार्मिक संस्थाओं के शिविर स्थापित किए जाएंगे, वहीं पार्किंग स्थलों और वैकल्पिक यातायात मार्गों के संचालन में भी यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके अलावा कनखल क्षेत्र तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में भी यह मार्ग सहायक सिद्ध होगा।
इस परियोजना के लिए शासन द्वारा 46.47 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मौके पर उपस्थित सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने बताया कि सड़क निर्माण का शेष कार्य आगामी दस दिनों के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके उपरांत अपर मेलाधिकारी ने दक्षद्वीप एवं बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए मायापुर स्केप चैनल पर निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर पुल का भी निरीक्षण किया। पूर्व से निर्मित पुल के समानांतर बनाए जा रहे इस पुल के निर्माण से कुंभ मेले के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने में सहायता मिलेगी तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं अनुबंधित फर्म के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों एवं मानवबल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों की जवाबदेही तय करते हुए शासन को आवश्यक कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
इस दौरान मेला अधिष्ठान की तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता श्री अनुभव नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

विद्यार्थी विभूषण सम्मान समारोह 2026 कार्यक्रम आयोजित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.