- जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता: जिलाधिकारी

खटीमा। मंगलवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में विकास खण्ड सभागार खटीमा में तहसील दिवस का आयोजित हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए अधिकारी समस्याओं को शान्त मन एवं संवेदनशील होकर सुने व गम्भीरता से तहसील दिवस में पंजीकृत समस्याओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि समस्या जिस स्तर की है उसी स्तर पर समाधान करना सुनिश्चित करें ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा सभी विभागीय अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करते हुये जनता को योजनाओं से लाभान्वित करें व समस्याओं का समाधान करें।
तहसील दिवस में सड़क, नाली निर्माण, हैंडपंप,शिक्षा,आधार कार्ड, राशन कार्ड,पानी, बिजली, भूमि सम्बन्धित कुल 92 शिकायतें पंजीकृत हुई जिसमे से 22 शिकायतों/समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने 40 समस्याओं को विभिन्न योजनाओं में रखने के निर्देश दिये। उन्होने कहा किसी भी कार्यदायी संस्था द्वारा नगर निकास व लोनिवि के अनुमति लिए बिना सड़क खोदी जायेगी तो सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ बच्चों को विद्यालयों में एडमिशन कराने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिये।
तहसील दिवस में ग्राम जरासु प्रतापपुर निवासी इन्द्रजीत सिंह ने भूमि का स्वामित्व दिये जाने का अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। वार्ड नं0-14 तिलक नगर निवासी संतोष मेहरोत्रा ने एंेठा नाले से अतिक्रमण हटाकर सफाई कराने व वर्षाकाल से पूर्व पानी निकासी की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व अधिशासी अभियंता सिंचाई को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र अतिक्रमण हटाने व नाले की सफाई कराने के निर्देश दिये। ग्राम प्रधान माया जोशी ने ग्राम पंचायत नदन्ना में जल भराव से निराकरण कराने का अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को वर्षाकाल से पूर्व जल निकासी हेतु शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आदर्श कालोनी भुड़ महोलिया के निवासियों ने बारिस के पानी निकासी हेतु 100 मीटर नाली निर्माण कराने के अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को पानी निकासी हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिये। श्रीपुर बिछुआ निवासियों ने कृषकों की भूमि पर खड़क सिंह के घर से भूड़ा किशनी की ओर अवैध रूप से रास्ता बनाये जाने के प्रस्ताव को रोकने का अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच कर समाधान कराने के निर्देश दिये। क्षेत्र पंचायत सदस्य चारूबेटा कमलेश सिंह ने ग्राम पंचायत में 15 हैण्ड पम्प लागवाने का अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान/जल निगम को पेयजल की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये। ग्राम प्रधान आलाविर्दी चन्द्रकला ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चटियाफार्म में वाॅटर कूलर व पंखा लगवाने का अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण कर पेयजल आदि का समाधान करने के निर्देश दिये। ग्राम प्रधान नौसर महेन्द्र पाल ने सरकारी सस्ता गल्ला विके्रता को हटाने का अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। क्षेत्र पंचायत सदस्य नगला तराई सनकेशी ने नई बस्ती नगला तराई में नाली निर्माण व नाली मरम्मत कराने का अनुरोध किया। जिसपर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर समाधान करने के निर्देश दियें ।
तहसील दिवस में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी, ब्लांक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह राणा, दर्जा मंत्री राजपाल सिंह, सतीश भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 केके अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ0 आशुतोष जोशी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार,जलसंस्थान अजय कुमार ,तहसीलदार बीरेन्द्र सजवान, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदिनी तोमर,सहायक निदेशक दुग्ध राजेन्द्र सिंह चैहान, खण्ड शिक्षा अधिकारी भानू प्रताप, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत जीएस भट्ट, खण्ड विकास अधिकारी संजय कुमार गांधी सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य आदि उपस्थित थे।
