पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा ने की विधायक डॉ. प्रेमचंद से शिष्टाचार भेंट

  • क्षेत्र की कानून एवं यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश

ऋषिकेश। पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा ने सोमवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से एम्स ऋषिकेश के बाहर सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण हो रहे अतिक्रमण और यातायात बाधित होने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि एम्स में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार पहुंचते हैं। ऐसे में एम्स के आसपास यातायात व्यवस्था व्यवस्थित रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अव्यवस्थित पार्किंग एवं अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारु रखने पर जोर दिया।

इसके साथ ही डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की बात कही। उन्होंने आस्था पथ पर अश्लील हरकतों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस को नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि आस्था पथ की गरिमा बनी रहे और आमजन, महिलाओं एवं परिवारों को सुरक्षित एवं मर्यादित वातावरण मिल सके।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश एक धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस एवं प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी से यातायात एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

More From Author

कजरी तीज: प्रकृति, नारी-शक्ति और शिव-पार्वती के दिव्य संगम का पर्व

विधायक डॉ. प्रेमचंद ने किया गढ़वाली गीत ‘उत्तराखंड शान छा’ का विमोचन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.